मौत!... सच!, सच और मौत...दोनों एक सिक्के के दो पहलू। सिक्का - एक, पहलू दो। ‘जीवन’ का सफर, मौत - मंजिल। हिन्दूशास्त्र हो या विश्व का कोई ओर दर्शन सबने स्वीकारा है -मृत्यु को। यह मौत दबे पांव न जाने कब, किस वक्त, कैसे इंसान को, संपूर्ण सृष्टि को अपने शिकंजे में ले लेती है या यूं कहे आगोश में भर लेती है फिर वह उस जीव को इस कदर प्यार करती है, दुलारती है कि उसके आगोश से बाहर आ पाना मुश्किल ही नहीं असम्भव हो जाता है, मौत- एक रहस्य!
एक ऐसा रहस्य जिसे जानने-समझने की कोशिश में हम खुद को इस सफर से उस सफर तक लादे फिरते है सिर्फ लादे और कुछ नहीं अंततः मौत हमें आगोश में ले ही लेती है और रहस्य मात्र एक रहस्य बना रहता है। एक भेद- जिसे भेदना असम्भव। दावे करने से कुछ नहीं होता, कुदरत की इस रोमांचकारी घटना में रद्दोबदल नहीं की जा सकती। मौत ही मनुष्य की वास्तविक प्रकृति है। बाकी सब - सारा जीवन मात्र एक ढकोसला। रंगमंच है- जीवन ।हम अपने अपने किरदार निभाकर अंत में अपनी वास्तविक प्रकृति में आ पाते हैं, हम प्रकृति में लीन हो जाते हैं। पाप-पुण्य- सब जीवन कर्मों में घुलकर रह जाता है, यथेष्ट फल भोगकर ही अंतिम यात्रा का टिकट मिलता है।
शिव को तीन रुपों - निर्माणकत्र्ता, पालनकत्र्ता, संहारकत्र्ता में परिभाषित किया जाता है, ये रुप विष्णु तुल्य हो या शिव तुल्य। सृष्टि चक्र में सम्मिलित है। विनाश के उपरांत- सृजनकी प्रक्रिया चिरस्थायी है। वाह्य लोक से अंतर्लोक की यात्रा - मात्र कहने भर से नहीं होती। योग का नाम मात्र लेने से ‘योगी’ नहीं बन जाते, भक्ति में बिना डूबे भगवत प्राप्ति नहीं होती, ज्ञान हेतु स्वयं का शोध - उतना ही आवश्यक है जितना शरीर के लिए भोजन।
जीवन है तो मृत्यु भी है। मृत्यु है - इसलिए जीवन भी। आरोह- अवरोह का क्रम मात्र गणितीय प्रक्रम को ही प्रकट नहीं करते वरन् प्रकृति में भी ये क्रम पुनः पुनश्च चलता रहता है।
जब मृत्यु सत्य फिर जीवन। व्यर्थ! ...नहीं , सत्य प्राप्ति का साधन है। शरीर- जिससे जीवन की चलायमान प्रक्रिया जीवंत होती है। शरीर में आत्मा। आत्मा- जीवन। आत्मा जीव। जीव- जी रहा है, शरीर तो पहले ही मरा हुआ है, जीव प्रेरित करता है, शरीर एक इन्स्ट्रूमेंट की भांति मात्र कार्य करता है। विचार- मस्तिष्क का खेल। मस्तिष्क में आत्मतत्त्व होते हुए भी ग्राहकम क्षमता होती है- संासारिक ग्राहक। संसार के विभिन्न आयामों को ग्रहण कर मस्तिष्क उन्हें स्वयं के लिए स्वीकार्य/अस्वीकार्य करता है। जीव का भवन शरीर जहाँ रहता है वहीं से जुडती है उसकी लोकयात्रा के प्रारम्भिक चरण। जहाँ संगत/साथ/संग का स्पर्श या विचारों में कुलबुलाहट होती है। मिथ्या जगत के मिथ्या व्यवहार का असर इस अपनी गिरफ्त में ले लेता है। मनुष्य के साथ ही ये सब होता है, हाँ, संगति का असर सब पर - जीवन के सफर/ यात्रा में अनेक छोटे-मोटे पडाव, बदलते संदर्भ, जिजीविषा में झटपटाता भाव-मनस, स्वयं में स्वयं की प्रतिछाया -प्रतीत होता है। जीवन-मार्ग पर चलकर, दुर्गम - सुगम, झाड-झंकाडों -उपवनों से गुजरकर अपने लक्ष्य की ओर बिना सोचे समझे बढता है- ‘मौत’ परम लक्ष्य है उसे भूलकर। ‘मौत’ स्वयं भुलावा देकर ‘जीव’ की यात्रा को विराम देती है, ये मात्रा एक लंबा पडाव है। विराम है। जीवन की समाप्ति नहीं। फिर से नये जीवन, नये संघर्ष के लिए - यह सब जरुरी ।
मैं यहाँ मौत की गुत्थी सुलझाने या उलझाने नहीं बैठा, न ही लंबा- चैडा मोक्षदायक प्रवचन देने के लिए। हाँ, कुछ हद तक प्रवचन जैसा जरुर है।
आज शव‘-यात्रा में शामिल हुआ। ‘ओइम नाम सत्य है, राम नाम सत्य है’ के उद्घोष के साथ - शुरुआत हुई इस जुलूसकी।...श्मशान तक सब जनों के भाव में क्षणिक वैराग्य उत्पन्न हुआ। हम सभी पल भर में आत्मज्ञानी हो गये। अंतिम क्रिया के बाद वही दुनियावी काम-धंधे , छल-प्रपंच, दुखडा रोना, घर-गृहस्थी- सब पुराना टंटा वही राग...मोह की जकडन...संसार का गतिमान होना -बात एक ही है- विराम में संसार नहीं ...संसार में विराम नहीं...
-.सत्येन्द्र कात्यायन

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें